रायबरेली में बुधवार को चोरी के विरोध में प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
चोरों ने मंगलवार रात डीह पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी। एक ही रात तीन दुकानों का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये का सामान पार कर दिया। सुबह घटनाओं की जानकारी से दुकानदार आक्रोशित हो गए।
सभी ने न सिर्फ थाने का घेराव किया, बल्कि नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस की रात्रिगश्त में बरती जा रही ढिलाई के चलते क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। 24 घंटे के अंदर घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो दुकानें बंद करके धरना शुरू कर दिया जाएगा।
डीह थाना क्षेत्र के गोंदवारा गांव निवासी बाबूलाल मौर्य की खाद की दुकान भरतगंज में है। उसकी दुकान में 100 लीटर पिपरमेंट का तेल रखा था। रात में चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर पिपरमेंट के तेल पार कर दिया।
चोरों ने लक्ष्मणगंज में अभिषेक की मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर आठ मोबाइल, एक लैपटॉप, 1900 रुपये की नगदी पार कर दी। लक्ष्मणगंज में ही राममिलन की ऑटो पार्ट्स की दुकान का शटर तोड़कर 26 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
इतना ही नहीं रामगंज स्थित अशोक कुमार की बियर की दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। लोगों के जाग जाने से चोर भाग निकले। सुबह घटना की जानकारी होने से हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने बताया कि तीनों घटनाओं में तीन लाख रुपये की चोरी हुई।
पीड़ित ग्रामीणों के साथ डीह थाने पहुंचे। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई चोरी की घटनाओं की वजह बन रही है। सभी ने जल्द घटना का खुलासा किए जाने की मांग की। एसओ पवन त्रिवेदी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।