सीओ सदर सुशील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच की। सीओ ने केस दर्ज कर जल्द घटना का खुलासा के निर्देश दिए।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के जवाहर विहार कॉलोनी निवासी संतोष कुमारी त्रिपाठी के दिल्ली में रिश्तेदार रहते हैं। 3 दिसंबर को वह अपनी बेटी रितु के साथ दिल्ली चली गई थी।
इसी दौरान बुधवार रात गेट व कमरे का ताला तोड़ कर घर में घुसे चोरों ने जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। गुरुवार सुबह संतोष कुमारी घर लौटी तो टूटा दरवाजा देख दंग रह गई।
अंदर जाकर देखा तो जेवर व अन्य सामान गायब था। भुक्तभोगी के मुताबिक चोर करीब 10 लाख रुपये का सामान उड़ा ले गए हैं। सीओ सिटी सुशील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की।
साथ ही मिल एरिया थानेदार विपिन सिंह को केस दर्ज कर मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। थानेदार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने मोबाइल और पान की दुकान से नगदी समेत 15 हजार रुपये का सामान पार कर दिया।
जहां चोरी हुई वहां पर रात में पुलिस पिकेट तैनात रहती है, इसके बावजूद चोर घटना को अंजाम देने में सफर रहे। इससे दुकानदारों में नाराजगी व्याप्त है।
सिंहपुर निवासी बबलू चौरसिया मोबाइल और पान की दुकान चलाता है। बुधवार शाम दुकान बंद कर घर चला गया। सुबह उसकी दुकान का ताला टूटा मिला।
आसपास के लोगों ने चोरी की जानकारी बबलू को दी। पीड़ित ने बताया कि चोर ढाई हजार रुपये नगद और मोबाइल के रीचार्ज, मोबाइल समेत 12 हजार का सामान चुरा ले गए।
इसी तरह पास में रखी इन्हौना के रहने वाले बुदालू की पान की दुकान से भी चोरों ने तीन हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। एसओ दिनेश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।