ऊंचाहार-उन्नाव रेलखंड पर कटे टेलीकॉम केबल को जोड़ने शुक्रवार रात गए रेलवे कर्मियों और आरपीएफ टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसमें रेलवे के टीसीएम, आरपीएफ चौकी इंचार्ज डलमऊ समेत छह लोग घायल हो गए।
किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले। ग्रामीणों का आरोप था कि रेलवे कर्मियों ने गांव के एक युवक का अपहरण करके उसे बंधक बना रखा था। जबकि रेलवे कर्मी इस बात से इंकार कर रहे हैं।
रेलवे कर्मियों का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने न मेडिकल कराया और न ही एफआईआर लिखी। उधर, ग्रामीणों की तरफ से भी रेलवे कर्मियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
गदागंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर माधव गांव के पास किमी संख्या 94-78 स्थित नाला पर टेलीकॉम केबल कट गया था। इससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया था। इसकी सूचना पर रेलवे के टीसीएम (टेलीकॉम मेनटेलर) राम कुमार व हेल्पर कौशलेंद्र सिंह, निरंजन सिंह, अंगद कुमार और आरपीएफ चौकी इंचार्ज डलमऊ सोमवीर सिंह, सिपाही संतोष यादव की टीम केबल जोड़ने मौके पर पहुंची थी।
रेलवे कर्मियों के मुताबिक रात में सभी ने गांव के पास गाड़ी कर दी थी। यहीं पर एक युवक मिला, जिससे केबल कहां कटी होने की जानकारी ली। युवक द्वारा जानकारी होने की बात कहने पर टीम के लोग युवक को लेकर मौके पर पहुंच गए।
इधर, लाठी-डंडे से लैस ग्रामीणों ने रेलवे कर्मियों पर युवक का अपहरण करके उसे बंधक बनाए जाने का आरोप लगाते हुए उन पर हमला बोल दिया। हमले में टीसीएम, आरपीएफ इंचार्ज व सिपाही समेत छह लोग घायल हो गए।
टीम के सदस्यों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। रेलवे कर्मियों ने उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया। रेलवे कर्मियों ने ग्रामीणों के खिलाफ गदागंज थाने में तहरीर दी है।
उधर, गोविंदपुर माधव के दुर्गा त्रिवेदी ने भी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रेलवे कर्मियों ने उसके बेटे सुरेश का अपहरण करके उसे बंधक बनाए रखा। कार्यवाहक थानेदार यादुवेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। उचित कार्रवाई होगी।
ऊंचाहार-उन्नाव रेलखंड पर शुक्रवार रात केबल कट जाने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ एक्सप्रेस, इलाहाबाद-कानपुर पैसेंजर और रायबरेली-ऊंचाहार-कानपुर पैसेंजर को मेमो के जरिए निकाला गया।
ट्रेनों के लेटलतीफी होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में केबल ठीक करने से संचालन पटरी पर आ गया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर टेलीकॉम संदीप कुमार ने बताया कि टेलीकॉम केबल कटने की सूचना पर टीम मौके गई थी।
युवक को जानकारी थी कि केबल कहां कटा है। इसलिए उसे मौके पर ले जाया गया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इसमें टीसीएम, आरपीएफ चौकी इंचार्ज समेत कई लोग घायल हुए हैं।
मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। थाने में तहरीर दिला दी गई है। कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात की जाएगी।