रायबरेली डिपो की बस से शुक्रवार को आटी नौगवा व दिलावलपुर के बीच तीन लोगों को टक्कर मार दी। सड़क के किनारे तीन बकरियों को भी ठोकर मारकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि चालक नशे में था।
डीह-रायबरेली मार्ग पर शुक्रवार को रायबरेली डिपो की अनियंत्रित बस ने पहले अनिल कुमार निवासी बंदरामऊ को ठोकर मारी, उसके बाद रामगंज में तीन बकरियों को ठोकर मार दी। इसके बाद विमल कुमार व विवेक कुमार निवासी आटी नौगवा थाना डीह को ठोकर मार दी।
पुलिस ने अनियंत्रित बस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रुकी। उसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क पर लगाकर बस को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राइवर ने बस को सड़क से नीचे एक खेत में उतार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को दबोच लिया है।
थानेदार अनिल सिंह ने बताया कि ड्राइवर ऋषि जायसवाल निवासी गोदवारा नशे में था। उसे हिरासत में ले लिया गया है। उधर खीरों प्रतिनिधि के अनुसार, दुबिन खेड़ा गांव के पास दो बाइकों के भिड़ने से चंद्रावलि मजरे भीतरगांव निवासी दया शंकर, तिवारिन खेड़ा निवासी गोलू तिवारी, मनीष तिवारी, विकास शुक्ला घायल हो गए।