रंजिश में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, मौत
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पूरे लालू मजरे टिकरान गांव में रंजिश को लेकर पांच लोगों ने एक युवक पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। युवक के भाई ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरे लालू गांव निवासी मुकेश प्रजापति (26) पुत्र संतदीन मंगलवार रात आठ बजे बाइक से खेतों की ओर गया था। तभी वहां गांव के रामसुमेर, पंकज कुमार, धनीराम, रामू, रामस्वरूप कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए।
अकेला पाकर आरोपियों ने मुकेश पर हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने देखा तो उन्होंने सूचना घायल के परिवारीजनों को दी।
सूचना पाकर घटनास्थल पहुंचे परिवारीजनों ने आननफानन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मुकेश ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई राजेश ने पांच लोगों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पड़ताल कर रही है।