हाईस्कूल के 4105 बच्चों ने छोड़ी की परीक्षा
रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शनिवार को भी सचल दलों को एक भी नकलची नहीं मिला।
पहली पाली में हुई सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में हाईस्कूल के 4105 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर में सैन्य विज्ञान के लिए सिर्फ एक परीक्षार्थी पंजीकृत था, वह भी परीक्षा देने नहीं आया।
पहली पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान और इंटर की सैन्य विज्ञान का प्रश्नपत्र था, जबकि दूसरी पाली में इंटर की भौतिक विज्ञान, बहीखाता एवं लेखा शास्त्र, शस्य विज्ञान की परीक्षा कराई गई।
पहली पाली में सामाजिक विज्ञान के लिए 43166 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 39058 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। नकलचियों को ढूंढने और लापरवाही करने वालों को ढूंढने के लिए सचल दल तो दौड़े, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।
जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी निरीक्षण के नाम पर खानापूरी कर रहे हैं। कार्रवाई के नाम पर अभी तक चार शिक्षकों को ही लापरवाही के कारण कार्यमुक्त किया गया है।
यह कार्रवाई भी डीएम और जेडी ने अपने-अपने निरीक्षणों के दौरान की है। बाकी अफसर निरीक्षण के दौरान कहीं कोई खामी नहीं ढूंढ पा रहे हैं। डीआईओएस गिरधारी लाल कोली का कहना है कि केंद्रों के निरीक्षण में पूरी सतर्कता बरती जा रही है।