रुपयों की खातिर नसीराबाद पुलिस ने खाकी को किया शर्मसार
रायबरेली। लोकसभा चुनाव में चेकिंग के दौरान रुपयों की खातिर एक कार में शराब रखकर सरकारी शराब दुकान के संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर दिया।
ठेकेदार का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के एक अफसर व दो दरोगाओं ने 21 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद और रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये न देने पर फर्जी केस दर्ज करा दिया।
पीड़ित ठेकेदार ने नसीराबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी सुनील कुमार सिंह ने प्रकरण में जांच के आदेश दिए हैं। परशदेपुर चौकी क्षेत्र के नया कोट बारा निवासी व शराब की दुकान संचालक विशाल सिंह ने नसीराबाद थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 4 मई को अपनी चार पहिया कार से थाने के पास से निकल रहा था।
इसी दौरान लोक निर्माण विभाग के एक अवर अभियंता व नसीराबाद थाने में तैनात दो दरोगाओं ने गाड़ी रोक ली। दस्तावेज न मिलने पर गाड़ी का चालान कर दिया। 21 हजार 320 रुपये ले लिए। इसके बाद भी और रुपये की डिमांड कर रहे थे।
रुपये न देने पर दूसरे दिन 5 मई को गाड़ी में सात पेटी देशी शराब के पउवे बरामद दिखा कर मेरे विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। नसीराबाद एसओ धीरेंद्र कुमार ने बताया की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पूरा मामला जानकारी में आया है। एसओ को जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि ऐसा किया गया है तो गलत है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई की जाएगी।