बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार को लखनऊ जा रहे प्रतापगढ़ सदर विधायक संगम लाल गुप्ता की तेज रफ्तार कार ने आगे जा रहे टेंपो में टक्कर मार दी।
हादसे में टेंपो चालक और एक महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीेएचसी पहुंचाया। हादसे के वक्त कार में सवार विधायक भी थाने पहुंचे। पुलिस की मानें तो दोनों पक्षों में समझौता हो गया। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
प्रतापगढ़ में सदर सीट से भाजपा विधायक संगम लाल गुप्ता अपनी एसयूवी से प्रतापगढ़ से लखनऊ जा रहे थे। करीब सुबह 11 बजे बछरावां थाना क्षेत्र के पहुरावां गांव के निकट रायबरेली से बछरावां की ओर आ रहे टेंपो को विधायक की कार ने पीछे से टक्कर मार दी।
इससे टेंपो चालक सुशील कुमार व टेंपो पर बैठी रूपरानी घायल हो गईं। आननफानन में पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज कराया गया।
कार्यवाहक एसओ इश्तियाक वारसी ने बताया कि प्रतापगढ़ से लखनऊ जाते समय प्रतापगढ़ सदर विधायक की गाड़ी से टेंपो की टक्कर हो गई थी। कार में विधायक भी सवार थे। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।