रायबरेली। फीरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी (एफजीआईईटी) में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता कल्पवेग-2018 में शनिवार को भी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने मेडल पाने के लिए खूब पसीना बहाया। छात्रों के बैडमिंटन एकल में शिवेंद्र ने सफलता अर्जित की, जबकि अभिषेक गौतम को उप विजेता का खिताब मिला। वहीं, छात्राओं के बैडमिंटन मुकाबले में फातिमा खान विजेता एवं प्रनिता सिंह उप विजेता रहीं।
जैविलन थ्रो में प्रथम स्थान पर सौरभ चौबे, द्वितीय स्थान पर ऋषभ सिंह एवं तृतीय स्थान पर विष्णु कुमार चौहान रहे। अंतर विद्यालयीय वॉलीबाल में एफजीआईईटी विजेता एवं फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक उप विजेता रहा।
इसी तरह अंतर विद्यालयीय बैडमिंटन में एफजीआईईटी को विजेता और आरजीआईपीटी को उप विजेता का खिताब मिला। टग ऑफ वार में इलेक्टॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन ब्रांच ने बाजी मारी, जबकि कंप्यूटर साइंस को उप विजेता बनना पड़ा। इसके अलावा वॉलीबाल, खो-खो, शतरंज, टेबल टेनिस के फाइनल मैच देर रात तक खेले गए, जिनमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।