परचा बनाने में देरी पर दिव्यांग कर्मचारी को पीटा
रायबरेली। जिला अस्पताल में बुधवार को दबंगों ने परचा बनाने में देरी करने पर दिव्यांग कर्मचारी को पीट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक मौके से भाग गए।
इस दौरान काफी देर तक परचा बनाने का काम ठप रहा। मामले की जांच के लिए सीएमओ ने दो सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
जिला अस्पताल में दिव्यांग धीरेंद्र कुमार परचा बना रहा था। इसी दौरान कुछ लोग आए और पहले परचा देने का दबाव बनाने लगे।
धीरेंद्र ने लाइन में आकर परचा लेने की बात कही तो युवक भड़क गए। कुछ देर बाद परचा काउंटर से कर्मचारी के बाहर निकलते ही पहले से मौजूद युवकों ने उसकी पिटाई कर दी।
जब तक लोग कुछ समझ पाते वारदात को अंजाम देकर युवक भाग गए। वारदात के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।
दिव्यांग कर्मचारी ने इसकी सूचना सीएमएस को दी। सीएमएस ने जांच के लिए डॉ. जय सिंह के नेतृत्व में दो दिवसीय समिति गठित कर दी है। सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के लिए टीम बना दी गई है। जल्द ही युवकों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।