छापे में पकड़ी एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक्स की 2160 बोतलें
रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को लालगंज व भोजपुर क्षेत्र में पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए छापेमारी की।
इस दौरान टीम ने गेगासों में एक एजेंसी में एक्सपायर्ड डेट की करीब 90 कैरेट कोल्डड्रिंक्स की बोतलें पकड़ीं। 200-200 एमएल की करीब 2160 बोतलें अप्रैल में ही एक्सपायर हो चुकीं थीं।
टीम ने नमूना सील कर जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही कोल्डड्रिंक्स को नष्ट कराने के आदेश दिए हैं। टीम ने न्यू स्ट्रिंग ड्रिंक्स के कई और नमूने सील कर जांच के लिए भेजे हैं।
मानकों के विपरीत कोल्डड्रिंक्स की बिक्री की शिकायत मिलने के बाद बुधवार को एफएसडीए के अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी, एफएसओ अरुण कुमार, अमरनाथ और अंजली श्रीवास्तव की टीम जांच के लिए निकली।
टीम ने राही में मेसर्स विनोद एजेंसी से कोल्डड्रिंक्स का नमूना सील किया। इसके अलावा भोजपुर में किशोर कुमार, बेनीमाधवगंज में सुनील बाजपेयी, गेगासों में मनोज साहू की दुकान से न्यू स्ट्रिंग ड्रिंक्स का नमूना सील कर जांच के लिए भेजा।
टीम ने गेगासों में भी संजीव मिश्रा की दुकान में कोल्डड्रिंक्स की जांच की तो 200 एमएल की कई बोतलेें एक्सपायर्ड मिलीं। अप्रैल में ही कोल्डड्रिंक्स एक्सपायर्ड हो चुकी थी।
इसके बाद भी उसे बिक्री के लिए रखा गया था। टीम ने सभी 90 कैरेट में रखीं 2160 बोतलों की बिक्री न करने और नष्ट करने या कंपनी को वापस कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।