अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात असलहों से लैस चार
बदमाशों ने चालक-क्लीनर को न सिर्फ बंधक बनाकर जमकर पीटा, बल्कि ट्रक और 50
हजार रुपये की नकदी लूट ली।
मिल एरिया थाने पहुंचकर चालक-क्लीनर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द लूटा गया ट्रक बरामद कर लिया जाएगा।
बस्ती जिले के परशुरामपुर का रहने वाला लक्ष्मण मिश्रा ट्रक चालक और फैजाबाद जिले के कैंट थाना क्षेत्र का रहने वाला अनिल यादव क्लीनर है। दोनों रात में अमेठी से खाली ट्रक लेकर रायबरेली की तरफ आ रहे थे।
बताते हैं कि अमेठी जिले के शंकरगंज कस्बे के पास असलहों से लैस चार बदमाशों ने ट्रक रोक लिया। इससे पहले कि चालक और क्लीनर कुछ समझ पाते, बदमाशों ने ट्रक के अंदर घुसकर दोनों को बंधक बनाकर पहले जमकर पीटा।
इसके बाद चालक की जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकालने के बाद चालक-क्लीनर को ट्रक से नीचे फेंक दिया और ट्रक लेकर भाग गए।
घायल चालक और क्लीनर ने रायबरेली जिले के मिल एरिया थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। चालक-क्लीनर का कहना है कि बदमाशों की संख्या चार थी। सभी के पास असलहे थे।
बंधक बनाकर पीटा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मिल एरिया थानेदार विपिन सिंह का कहना है कि चालक और क्लीनर की पिटाई करके बदमाशों ने 50 हजार रुपये के साथ ट्रक लूट लिया है।
यह घटना मोहनगंज क्षेत्र के शंकरगंज के पास होनी बताई जा रही है। घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द बदमाशों को पकड़कर ट्रक बरामद किया जाएगा।