चार दिन से लापता युवक का शव शनिवार सुबह रामनगर थाना क्षेत्र की भगहर झील में उतराता मिला। मृतक के परिवारीजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
मोहम्मदपुर खाला के बदलूपुर मजरे बिझला गांव निवासी सुरेंद्र (30) पुत्र मनीराम पांच जनवरी को सूरतगंज स्थित ग्रामीण बैंक में रुपये निकालने गया था, तभी से वह लापता था। परिवारीजनों ने मोहम्मदपुर खाला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इस बीच शनिवार सुबह रामनगर में गोसाईपुरवा के पास भगहर झील में सुरेंद्र का शव उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामनगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह का कहना है कि, शव कई दिन पुराना है। ऐसा लग रहा है कि सुरेंद्र नशे का आदी था और इसी के चलते झील में गिरकर डूबने से उसकी मौत हो गई हैै।
थानाध्यक्ष का कहना है कि, सुरेंद्र के परिवारीजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है लेकिन कोई तहरीर नहीं दी है। पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण पता लगने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।