डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक मजदूर का शव खेत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। साथ ही कपड़े अस्त-व्यस्त थे।
आशंका जताई जा रही है कि बेरहमी से पिटाई के बाद उसकी हत्या कर दी गगई है। जानकारी पर सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मजदूर की मौत की सही वजह सामने आएगी।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सरायं दिलावर गांव निवासी राजू (45) शनिवार सुबह मजदूरी करने घर से निकला था। इसके बाद घर नहीं आया।
शाम को सुरजूपुर गांव के पास एक खेत में राजू का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उसका शव गेहूं के खेत में लगे लोहे के तार में लिपटा था। साथ ही उसके शरीर पर चोटों के निशान थे।
कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। आशंका जताई जा रही है कि पिटाई के बाद उसकी हत्या कर शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया गया होगा। खबर पाकर पत्नी राजकली मौके पर पहुंची।
पत्नी का कहना है कि उसके पति वाहनों से मौरंग-सीमेंट उतारने का काम करते थे। पति की हत्या की गई है। सीओ का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
परिवारीजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी मणि शंकर तिवारी बताया कि मृतक नशे का आदी था और शराब पीकर खेतों में लगे लोहे के तारों से उलझ गया, जिससे उसकी मौत हो गई है।
दूसरी ओर मृतक की पत्नी राजकली ने बताया कि मृतक राजकुमार प्रायर सुरजूपुर गांव अवैध रूप से बनाई जाने वाली शराब पीने के लिए जाता था और मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने और शरीर के कपड़े अस्त-व्यस्त होने पर हत्या की आशंका है।