रायबरेली। दीपावली पर तीन दिन तक पटाखों की बिक्री के लिए जारी होने वाले लाइसेंस के लिए पूर्व में वितरित किए गए 175 आवेदनपत्रों को निरस्त कर दिया गया है। अब लाइसेंस बनवाने वालों को 30 अक्तूबर की सुबह कलेक्ट्रेट से नया आवेदनपत्र निशुल्क दिया जाएगा।
दुकानदारों को अब आवेदन पत्र के साथ अपना मोबाइल नंबर व आधार नंबर भी देना होगा। शहर के पांच स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें लगेंगी। गोराबाजार में 100 दुकानें व अन्य चाराें स्थानों पर 50-50 से अधिक दुकानें नहीं लगेंगी।
इस बार दीपावली पर जिला प्रशासन ने सिर्फ गोराबाजार में पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाने का निर्णय लिया था। आवेदन पत्रों के वितरण का काम भी पूरा हो गया था। तमाम शिकायतें मिलने के बाद डीएम ने पूर्व की ही तरह सभी पांचों स्थानों पर दुकानें लगवाने का निर्णय लिया है।
इसमें जीआईसी ग्राउंड, गोराबाजार, राजघाट, आईटीआई कॉलोनी पार्क और मुंशीगंज में पटाखे की अस्थायी दुकानें लगेंगी। पूर्व में बांटे गए 175 फॉर्मों को निरस्त करके अब नए आवेदनपत्रों का वितरण 30 अक्तूबर से होगा। कलेक्ट्रेट स्थित शस्त्र अभिलेेखागार से निशुल्क फार्म प्राप्त किए जा सकेंगे।
सिटी मजिस्ट्रेट जयचंद्र पांडेय ने कहा कि पटाखों की अस्थायी दुकानों के लिए 30 अक्तूबर से आवेदन का वितरण शुरू होगा। शहर के पांच स्थानों पर दुकानें लगेंगी। नये आवेदनपत्र पर ही प्रक्रिया पूरी कराकर दुकानदारों को जमा कराना होगा। सभी को मानकों को पूूरा करना होगा।