रायबरेली। भदोखर में बुधवार सुबह बेकाबू ट्रक ने ट्रिपलिंग कर गंगा स्नान करने जा रहे तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
खागीपुर सड़वा चौराहा के पास मौरंग लदे ट्रक ने सामने से आ रहे बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
भदोखर थाना क्षेत्र के मोदी का पुरवा निवासी विपिन (22), भांव गांव निवासी दुर्गेश मौर्य (21) और डीह थाना क्षेत्र हनुमान गंज निवासी अनुरोध (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद अफरातफरी मच गई। मुंशीगंज चौकी इंचार्ज लक्ष्मी नारायण द्विवेदी ने बताया कि तीनों युवक बाइक से गंगा स्नान करने डलमऊ जा रहे थे। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।