लखनऊ में फ्लैट दिलाने के नाम पर 22 लाख की ठगी का एक मामला प्रकाश में आया है। ठगी के शिकार लखनऊ निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर ऊंचाहार पुलिस ने कंदरावां गांव के एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के तेलीबाग निवासी रमाशंकर यादव ने ऊंचाहार थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि फाउंडेशनप्रॉपर्टी इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के नाम की एक कंपनी के आवास योजना के अधीन लखनऊ में फ्लैट के लिए ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कंदरावां गांव के अनुज सिंह को 22 लाख रुपए दिए थे।
कंपनी का हेड ऑफिस ऊंचाहार में तथा कैंप कार्यालय लखनऊ में बनाया गया था। भुक्तभोगी का कहना है कि उसने ऊंचाहार ऑफिस में रुपए दिए थे और उसका एग्रीमेंट भी हुआ था।
एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जमीन नहीं मिली और न ही निर्माण शुरू हुआ। जब प्रार्थी ने रुपए वापस मांगे तो कार्यालय बंद कर कंपनी फरार हो गई। आरोप है कि कई लोगों से ठगी की गई है। थानेदार विमल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अनुज सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी गई है।