रायबरेली। सारा काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो... के नारों के साथ शनिवार को जिले में कई स्थानों पर मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। मतदाता पुनरीक्षण के विशेष अभियान के तहत जिलेभर के माध्यमिक विद्यालयों में गठित मतदाता जागरूकता क्लबों ने इस अभियान में हिस्सा लिया और रैलियां निकालीं। इसमें शामिल छात्र-छात्राओं ने मतदान पर जोर देते हुए नारे लगाए। खासतौर से महिलाओं और दिव्यांगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में योगदान दिया।
डीह प्रतिनिधि के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। अभिभावक संघ के अध्यक्ष संतबक्श सिंह ने हरी झंडी दिखाई। यह रैली डीह कस्बा, अस्पताल रोड, अंसारी मुहल्ला, रामलीला मैदान, राजीव गांधी तिराहे से होते हुए कॉलेज में समाप्त हुई। प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि रैली के माध्यम से लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया।
विकास क्षेत्र जगतपुर के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए राना बेनी माधव सिंह स्मारक इंटर कॉलेज से मतदाता जागरूकता क्लब ने रैली निकाली। क्लब के नोडल अधिकारी अभिनेश कुमार सिंह और एंबेस्डर अमरनाथ सिंह बनाए गए हैं। क्लब ने दिव्यांग, महिला तथा 18 वर्ष पूरी कर चुके लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य देवीशंकर वर्मा, कविश कुमार, अमिताभ, जितेंद्र भदौरिया आदि मौजूद रहे।
सरेनी के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। देवस्वरूप त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाई। रैली में अंकिता, सलोनी, प्रियंका, दिव्यांशी आदि ने नारे लगाए। यह रैली लखनापुर, सरेनी, मौनी मोहल्ला होते हुए कॉलेज पहुंची। प्रधानाचार्य सुधांशु भूषण मिश्रा ने कहा कि मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।
शिवगढ़ के राजकीय विद्यालय ओसाह में प्रधानाचार्य मीनाक्षी त्रिपाठी, सहायक अध्यापक सोनिया, पिंकी ने बच्चों के साथ जागरूकता अभियान चलाया और मतदान के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुनीता त्रिवेदी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज त्रिवेदी, राकेश त्रिवेदी आदि उपस्थित रहे।