महिला अनुदेशक की संदिग्ध हालात में मौत
हरचंदपुर (रायबरेली)। महिला अनुदेशक की शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि करंट लगने से अनुदेशक की मौत हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरे नैकानी गांव की रहने वाली ज्योति वर्मा पत्नी रुपेश हरदासपुर जूनियर स्कूल में अनुदेशक थी। सुबह अचानक वह घर पर मृत पाई गई तो परिवारीजनों के हाथ-पैर फूल गए।
ज्योति की मौत किस कारण से हुई है, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवारीजनों की मानें तो ज्योति की मौत करंट लगने से हुई।
लखनऊ जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी मृतका के पिता परमहंस भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। पिता की ओर से थाने में दी गई तहरीर में बेटी की मौत की वजह नहीं बताई गई है। थानाध्यक्ष बृजमोहन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।