एडीएम ने तलब की एनटीपीसी से जांच रिपोर्ट
रायबरेली। एनटीपीसी के यूनिट छह में हुए हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच कर रहे अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आरके प्रजापति ने एनटीपीसी से पूरी जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने अब तक विभिन्न टीमों की ओर से की गई जांच के साथ ही अपनी रिपोर्ट भी देने के लिए कहा है। यही नहीं अभी तक उनके दफ्तर भी अपनी व्यथा या शिकायत लेकर कोई नहीं पहुंचा है।निर्देश के चार दिन बाद भी एनटीपीसी से रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। एनटीपीसी को सात दिन का समय दिया गया था। उनका कहना है कि एनटीपीसी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच शुरू होगी।
एनटीपीसी में हादसे के बाद प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा अन्य टीमें भी मामले की जांच करने में जुटी हुई हैं। डीएम संजय कुमार खत्री ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश देते हुए जांच अधिकारी एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को बनाया। एडीएम ने मामले में 3 नवंबर को एनटीपीसी से पूरी जांच रिपोर्ट सात दिन में उपलब्ध कराने के आदेश दिए। चार दिन बीतने के बाद एनटीपीसी की ओर से जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसलिए एडीएम की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है।
एडीएम आरके प्रजापति ने बताया कि एनटीपीसी से सात दिन में पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। एनटीपीसी की रिपोर्ट के साथ ही अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी पहलुओं को देखते हुए निष्कर्ष निकाला जाएगा। मजिस्ट्रेटी जांच निष्पक्षता से की जाएगी और डीएम को रिपोर्ट साैंपी जाएगी। मजिस्ट्रेटी जांच पूरी होने में अभी समय लगेगा, क्योंकि घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल होनी है। एनटीपीसी की जांच पूरी होने के बाद ही इस जांच को पूरा किया जाएगा।
घायलों और मृतकों के बयान के बाद पूरी होगी जांच : डीएम
रायबरेली। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने अमर उजाला को बताया कि मजिस्ट्रेटी जांच पूरी करने में अभी समय लगेगा। उन्होंने बताया कि अभी घायलों और मृतकों के परिवारीजनों के साथ अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इस प्रक्रिया में समय लगेगा, लेकिन इसको जल्दी पूरा करने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी।