इंदिरा नगर में कोचिंग संचालक के घर से नकदी उड़ाई
रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में मंगलवार रात एक कोचिंग संचालक के घर से नकदी चोरी हो गई। घर के बाहर का ताला तोड़कर चोर घर अंदर घुसे और चोरी को अंजाम दिया। चोरी की जानकारी पर सीओ सदर व फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और पड़ताल की। पुलिस चोरी की वारदात में करीबियों का हाथ मान जल्द वारदात का खुलासा करने का दावा कर रही है।
शहर के जेल गार्डेन रोड इंदिरा नगर निवासी नीरज सोनी कोचिंग संचालक है। वह अपने भाई धीरज के साथ घर पर रहता है। पुलिस की मानें तो नीरज मुंबई किसी काम से गया है, जबकि घर पर उसका भाई धीरज है। धीरज का कहना है कि शाम को वह घर से बाहर था। रात में लौटकर घर आया तो घर के अंदर रखी 17 लाख की नकदी गायब गई थी। चोर घर के बाहर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। पुलिस को ताला भी टूटा मिला। जानकारी होने पर सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय, कार्यवाहक कोतवाल राकेश सिंह ने मौके पर पहुंचे।
सीओ ने परिवारीजनों से वारदात की बाबत पड़ताल की। कार्यवाहक कोतवाल का कहना है कि कोचिंग संचालक मुंबई गए हैं, जबकि उसका भाई धीरज ही घर पर है, जो रुपये चोरी की बात बता रहा है। घर के बाहर का ताला टूटा हुआ बताया जा रहा है, लेकिन उसमें किसी के स्कैच नहीं पाए गए हैं। वारदात में करीबियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। सीओ का कहना है कि वारदात की जांच कराई जा रही है। जल्द चोरी की वारदात का पर्दाफाश होगा। वहीं कोचिंग संचालक नीरज सोनी का कहना है कि वे मुंबई से घर पहुंच रहे हैं। घर में लाखों रुपये की चोरी हुई है। कितने रुपये की चोरी हुई है, यह घर पहुंचने के बाद ही पता चलेगा। संचालक का कहना है कि इसलिए अभी कोतवाली में कोई तहरीर भी नहीं दी है। वहीं कार्यवाहक कोतवाल राकेश सिंह का कहना है कि उनके भाई धीरज सोनी ने पुलिस को 17 लाख रुपये चोरी होने की बात बताई है।