रायबरेली में चोरी की जांच करती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने पुलिस बूथ से चंद कदम की दूरी पर स्थित टायर की दुकान से डेढ़ लाख रुपये की नकदी, 20 लाख कीमत के टायर समेत अन्य सामान पार कर दिया। चोरों ने बडे़ आराम से ट्रक को हाईवे पर खड़ा किया और टायर समेत अन्य सामान लादकर फरार हो गए।
यही नहीं दुकान में तोड़फोड़ की। सुबह चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। फोरेसिंक टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लिए। सदर कोतवाल ने भी घटना की जांच की। शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों से यूपी डॉयल 100 की गश्त की कलई खुल गई है। पुलिस जल्द वारदात का खुलासा करने की बात कह रही है।
शहर के गांधी नगर निवासी आलोक मिश्रा की लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर सिविल लाइंस चौराहा पर टायर की दुकान है। आलोक शनिवार रात दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर 20 लाख कीमत के 74 टायर को हाईवे पर ट्रक खड़ा करके उसी में रख लिया।
आलमारी तोड़कर उसमें से रखे डेढ़ लाख रुपये की नकदी, दो लैपटॉप और सीसीटीवी कैमरे की मशीन समेत अन्य सामान पार कर दिया। पीड़ित के अनुसार करीब 22 लाख से अधिक की चोरी हुई। जहां पर चोरी की वारदात हुई, वहां से पुलिस बूथ चंद कदम दूरी पर है।
एसे में चोरी हो जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोलने के लिए काफी है। रविवार सुबह वारदात की जानकारी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय, सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज विजय नारायण शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
फोरेसिंक टीम ने भी घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लिए। कोतवाल का कहना है कि पीड़ित आलोक मिश्रा की तरफ से वारदात की तहरीर दी गई है। जांच कराई जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा करके चोरोें को जेल भेजा जाएगा।