तिलोई (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के उतरपारा गांव में मंगलवार दोपहर हुई खुली बैठक में हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने सूची में नाम न होने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया।
ग्राम विकास अधिकारी से कहासुनी भी हुई। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया, लेकिन खुली बैठक टाल दी गई। हंगामा करने और कहासुनी करने वाले लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस पड़ताल कर रही है।
उतरपारा गांव में खुली बैठक हुई। कुछ ग्रामीणों ने राशन कार्ड की सूची में नाम न होने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
ग्राम विकास अधिकारी रोहित वर्मा ने समझाने का प्रयास किया तो उनसे भी कहासुनी होने लगी। ग्राम विकास अधिकारी ने किसी तरह सभी को शांत कराया।
उन्होंने बताया कि बैठक निरस्त कर दी गई है। जल्द अगली तिथि तय की जाएगी। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि हंगामा करने वाले और ग्राम विकास अधिकारी से कहासुनी करने वालों के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी।