ओवरलोड टैम्पो पलटा, 11 मुसाफिर घायल
डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को बेकाबू टैम्पो पलट गया। इससे उस पर सवार करीब 11 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
टैम्पो डीह से सवारियां भरकर रायबरेली की ओर जा रहा था। हादसे के बाद टैम्पो चालक भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। हादसे में महिला और एक बच्चे की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डीह कस्बे से एक टैम्पो सवारियां भरकर रायबरेली जा रहा था। डीह-रायबरेली मार्ग पर डीह कस्बे के निकट टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में गोदइया मजरे अहल की रहने वाली फूलकली (50), केदरवापुर मजरे गड़वा गांव निवासी देवकली (40), मऊ की रहने वाली सौफिया (30), सलमा (15), किशुनखेड़ा निवासी अंजू (40), नसीराबाद निवासी राजेश (30), रामरती (40), सलेथू के रितेश (4), रामू (35), नीलू (30), शिवानी (10) घायल हुए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी डीह पहुंचाया। रामरती व रीतेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि टैम्पो चालक की तलाश की जा रही है।