बैंक कर्मी ने रिटायर्ड शिक्षक के खाते से निकाले 63 हजार
- चेक पर फर्जी हस्ताक्षर बनाकर निकाली गई रकम
अमर उजाला ब्यूरो
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में एक रिटायर शिक्षक के खाते से बैंक के कर्मी ने ही अपने दो साथियों की मदद से 63 हजार रुपये निकाल। खुलासा होने पर कर्मचारी ने रकम वापस कद दी। शाखा प्रबंधक ने बैंक के उच्च अधिकारियों को वारदात की जानकारी दी है।
खीरों क्षेत्र के रनापुर पहरौली गांव निवासी हरीशंकर का खीरों कस्बा में स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में खाता है। खाते में 62936 रुपये जमा थे। खाता धारक हरीशंकर ने बताया की 6 जनवरी को वह बैंक में नई चेक बुक लेने गया, जहां पुरानी चेक बुक जमा कराकर नई चेक बुक दे दी गई। पुरानी चेक बुक में तीन चेक संख्या 572318,19 व 20 शेष थे। शेष तीनों चेकों पर हस्ताक्षर नहीं थे, जिनको कैंसल करना भूल गया। 05 मई को बैंक में नए चेक से 10 हजार रुपया निकालने गया, जहां पता चला कि खाते में रुपया नहीं है। बताया जाता है कि बैंक कर्मी सर्वेश किसी तरह से चेक बुक निकाल ले गया। बैंक में बताया गया की चेक संख्या 572318 से दिनांक 20 मार्च को 45 हजार रुपये नीरज व चेक संख्या 572319 से दिनांक 28 मार्च को 18 हजार रुपये रामदास द्वारा निकाले गए हैं।
शाखा प्रबंधक आशीष गुप्ता ने बताया की खाताधारक हरीशंकर के खाते से कर्मचारी सर्वेश ने फर्जी हस्ताक्षर बनाकर अपने दो साथियों की मदद से नीरज व रामदास फर्जी नामों से 63 हजार रुपये निकाले थे। सर्वेश ने लिखित माफीनामा देने के साथ ही निकाली गई रकम खाते में जमा कर दी है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में बैंक के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उच्च अधिकारियों से निर्देश मिलते ही सर्वेश के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।