पिपरमेंट की पेराई के दौरान टंकी फटी, चार लोग घायल
रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र के लालापुर में पिपरमेंट की पेराई के दौरान टंकी फट गई। एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो लोगों को सलोन पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के लालापुर में शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे कसिान प्यारेलाल अपने बेटे वंशीलाल के साथ पिपरमेंट की पेराई कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक टैंक में पिपरमेंट के जड़ की मात्रा अधिक होने के बाद अचानक टैंक हवा में उड़ गया।
टैंक के समीप खड़े होकर पेराई कर रहे किसान प्यारेलाल (55) पुत्र बाबूलाल, वंशीलाल (22), साजू (26), पुत्रगण प्यारेलाल व बहू संगीता (24) पत्नी साजू गंभीर रूप से घायल हो गए।
टंकी फटने की आवाज इतनी जोरदार थी, कि देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। आनन-फानन घायलों को एंबुलेंस 108 से सलोन पीएचसी में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दो लोगो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
केंद्र प्रभारी डॉ. पीके बैसवार ने बताया कि पिपरमेंट की टंकी फटने से चार लोग घायल हुए है। प्यारेलाल व संगीता को इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है।