अनियंत्रित कार की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर लखनऊ से प्रतापगढ़ की ओर जा रही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े अधेड़ को रौंदते हुए खंती में जा गिरी। हादसे में अधेड़ की मौके पर मौत हो गई।
जबकि कार सवार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बछरावां पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
आगरा जिले के मान विहार कॉलोनी निवासी रिटायर्ड कर्नल विजय तोमर (55) पुत्र कुशल पाल अपने चालक प्रीतम सिंह (40) निवासी आगरा के साथ कार से लखनऊ से रायबरेली होते हुए प्रतापगढ़ जा रहे थे।
उधर, राजू (40) पुत्र मेहंदी हसन निवासी कांशीराम कॉलोनी रायबरेली मोटरसाइकिल से आ रहा था, तभी लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर कुंदनगंज के निकट एक फैक्ट्री के सामने कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई हिस्सों में बंट गई। हादसे के बाद कार सड़क के किनारे बाइक का पंक्चर बनवाने के लिए खड़े मंशाराम (45) पुत्र ननकू निवासी रीवा थाना शिवगढ़ को रौैंदते हुए खंती में चली गई।
हादसे में मंशाराम की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कार चालक प्रीतम सिंह व कार पर सवार रिटायर्ड कर्नल विजय तोमर को भी चोटें आईं हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल बाइक सवार राजू व रिटायर्ड कर्नल विजय तोमर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले आई।
गंभीर रूप से घायल कार चालक प्रीतम सिंह को पुलिस ने हरचंदपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ जीडी शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।