खेत में खून से सनी मिली कुल्हाड़ी, हत्या का आरोप
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला राजरानी की मौत मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब घटनास्थल से 10 मीटर दूरी पर खून से सनी कुल्हाड़ी मिली।
कुल्हाड़ी पर मृतक महिला के बाल भी लगे थे। परिवारीजनों का कहना है कि महिला की मौत सांड़ के हमले में नहीं, बल्कि उसकी हत्या की गई है। सूचना पर दो थानों की पुलिस ने पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस मामले की सच्चाई जल्द सामने आने की बात कह रही है।
गुरुबख्शगंज के मऊ गांव निवासी राजरानी (60) की मंगलवार को मौत हो गई थी, जबकि उसका छह वर्षीय पौत्र जतिन घायल हो गया था।
खीरों क्षेत्र के सगुनी गांव के पास राजरानी का शव पड़ा मिला। परिवारीजनों का आरोप था कि सांड़ के हमले में राजरानी ने दम तोड़ा, जबकि पौत्र घायल हो गया।
रात में परिवारीजनों ने महिला के शव को लेकर डीएम आवास का घेराव किया था और मदद दिलाए जाने की मांग की थी। उधर, बुधवार को ग्रामीणों को घटनास्थल से दस मीटर की दूरी पर खेतों में खून से सनी कुल्हाड़ी मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना पर एसओ खीरों संजय सिंह व गुरुबख्शगंज थानेदार विनोद सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की पड़ताल की। एसओ खीरों का कहना है कि खून की सनी कुल्हाड़ी मिली है।
अब परिवारीजन महिला की हत्या किए जाने की बात कह रहे हैं। घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द प्रकरण की असलियत सामने आएगी।