किसान के घर से नकदी, जेवरात उड़ाए
सिंहपुर (रायबरेली)। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में एक किसान के घर से चोरों ने नकदी, जेवरात समेत कीमती माल पार कर दिया। घटना की तहरीर थाने में दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जल्द इस मामले को लेकर एसपी अमेठी से शिकायत करेगा। वहीं स्थानीय पुलिस जांच करने की बात कह रही है।
शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गांव लक्षन पुरवा मजरे खारा निवासी शिव कुमार सिंह किसानी करता है। चोरों ने उसके घर से नकदी, जेवरात समेत तीन लाख से ज्यादा का माल चोरी कर ले गए। शिव कुमार का कहना है कि चोरी गए जेवरात उसके बहू के हैं। थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित का कहना है कि उसने कुछ लोगों पर शक जाहिर किया था। बावजूद पुलिस ने उन पर कार्रवाई नहीं की। सीओ तिलोई बीनू सिंह का कहना है कि मामला दिखवाया जाएगा। रिपोर्ट दर्ज करके जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।