सेल्समैनों को बंधक बनाकर 50 हजार रुपये लूटे
ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार रात बदमाशों ने देशी व अंग्रेजी शराब के सेल्समैन को बंधक बनाकर करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के सवैया तिराहा से पांच सौ मीटर दूर भैंसासुर गांव स्थित देशी व अंग्रेजी शराब की अगल-बगल दुकानें हैं।
सोमवार रात दो बाइक से पहुंचे चार अज्ञात लोगों ने दुकान के बाहर सो रहे दोनों सेल्समैन को बंधक बनाकर दुकानों में रखी 50 हजार की नकदी लूटकर फरार हो गए। बाद में शोर मचाने पर पास गांव के लोग पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पहुंची डायल 100 के जवानों ने दोनों को बंधन मुक्त किया। सवेरे देशी ठेका के सेल्समैन दिनेश व अंग्रेजी शराब ठेका के सेल्समैन विजय अवस्थी ने थाने में घटना की तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगता है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।