रायबरेली। रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बोतल क्रैश मशीन का लोकार्पण किया गया। यह मशीन स्टेशन पर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में लगाई गई है। मशीन लगने से अब यात्री स्वयं इसमें खाली बोतल डाल सकेंगे।
आईआरसीटीसी ने उत्तर रेलवे के सभी प्रमुख स्टेशनों पर लगाने के लिए बोतल क्रैश मशीन उपलब्ध कराई हैं। स्वच्छता के मद्देनजर उपलब्ध कराई गई इस मशीन का प्रमुख काम पानी की खाली बोतलों को नष्ट करना है।
इसी कड़ी में रायबरेली रेलवे स्टेशन को भी एक मशीन मिली है, जिसकी लागत करीब सवा लाख रुपये बताई गई है। इस मशीन को द्वितीय श्रेणी के यात्री प्रतीक्षालय में लगाया गया है।
स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने मशीन का लोकार्पण किया और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर सीएमआई डीडी शुक्ला, सीआईटी नरेंद्र कुमार, अजय सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।