रायबरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा कराने के लिए रणनीति तैयार होने लगी है। जिले में बनाए गए 114 परीक्षा केंद्रों में 74,359 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल होंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर को अनिवार्य किया गया है, इसलिए दोनों ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और हर समय एक्टिव मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बार सभी परीक्षा केंद्रों में 50 फीसदी स्टाफ बाहरी रहेगा। दूसरे कॉलेजों के शिक्षक तैनात किए जाएंगे, ताकि नकल की संभावनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। बोर्ड परीक्षाएं 7 फरवरी से शुरू हो रही हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों में आवंटित परीक्षार्थियों को देखते हुए एग्जाम के लिए उपयोग में लाए जाने वाले कमरों का ब्योरा मांगा गया है, ताकि इन सभी कमरों में सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डर की स्थिति का मुआयना कराया जा सके।
केंद्रों में फर्नीचर की उपलब्धता के बारे में भी सूचनाएं मांगी गई हैं। अगर फर्नीचर नहीं है तो इसकी व्यवस्था कहां से करानी है, इसके बारे में भी पहले से ब्योरा मांगा गया है।
सभी विद्यालयों से शिक्षकों की सूची मांगी गई है, ताकि उनकी ड्यूटी लगाई जा सके। जिन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां से सिर्फ 50 फीसदी स्टाफ ही उसी केंद्र में ड्यूटी कर सकेंगे।
बाकी स्टाफ को दूसरे परीक्षा केंद्र में तैनात किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में जेनरेटर, विद्युत, पानी, प्रसाधन जैसी अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।