सराफ को मारी गोली लूटा बैग
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सराफ को गोली मार दी। गोली व्यापारी के सीने के पास लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
लेकिन घायल होने के बाद भी वह काफी देर तक बदमाशों से भिड़ा रहा। इसी बीच बाराती आ गए, जिससे बदमाश दो बैगों में से एक लूटकर भाग निकले। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल व्यापारी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
खीरों के सेमरी चौराहा निवासी ओंकार सोनी की महरानीगंज में आभूषणों की दुकान है। रात में दुकान बंद करने के बाद ओंकार बाइक से घर जा रहा था।
जैसे ही वह भितरी गांव स्थित लोन नदी के पास पहुंचा एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाश बाइक की डिग्गी तोड़ने लगे। लेकिन व्यापारी बदमाशों से भिड़ गया।
बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की। इसी बीच बस से बाराती आ गए। यह देख बदमाशों ने ओंकार के सीने में गोली मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गया।
इसका फायदा उठाते हुए बदमाश एक बैग लेकर भाग गए। बताया जाता है कि जेवरात से भरा बैग डिग्गी में रखा था, जिसे बदमाश लूटने में सफल नहीं हो पाए।
लूटे गए बैग में क्या था, इस बारे में घायल सराफ कुछ नहीं पता पा रहा है। उधर, वारदात की सूचना पर एसओ शैलेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल की। एसओ का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द बदमाश पकडे़ जाएंगे।