बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार रात होटल कारीगर की हत्या कर शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया गया। सुबह जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
गुस्साए परिवारीजनों और ग्रामीणों ने थाने परिसर में न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि शव को लेकर जा रहे वाहन में तोड़फोड़ की। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई।
सीओ और कार्यवाहक एसओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। तहरीर मिलने पर पुलिस रिपोर्ट लिखने की बात कह रही है।
बछरावां के थुलेंडी निवासी विवेकानंद उर्फ विवेक (18) पुत्र रामफेर कस्बे के महाराजगंज रोड तिराहे पर स्थित संदीप यादव के होटल पर कारीगर था।
देर रात जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजन उसकी खोजबीन में लग गए। कस्बे के पटेल नगर के पीछे बछरावां-रायबरेली रेलखंड पर विवेकानंद का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला।
पिता रामफेर ने शव की पहचान अपने पुत्र विवेकानंद के रूप में की। घटनास्थल पर शराब की बोतल, पानी का गिलास तथा नमकीन का पैकेट भी पड़ा था, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता रामफेर व मां सुंदरा का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर शव को रेल ट्रैक पर फेंका गया है।
उधर, युवक का शव ट्रैक पर पड़ा होने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस शव लेकर बछरावां थाने आई, जहां बड़ी संख्या में गांव से ग्रामीण भी जुट गए और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।
ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के लिए ले जा रहे वाहन में तोड़फोड़ भी की। थाना परिसर के अंदर जमकर हंगामा काटा। सीओ गोपीनाथ सोनी और कार्यवाहक एसओ इश्तियाक वारसी ने आक्रोशित लोगों को हत्या की तहरीर देने व मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने का आश्वासन देते हुए समझा बुझाकर शांत कराया।