हर तरफ गूंजे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे
रायबरेली। पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले की घटना से जिलेवासियों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश के चलते शनिवार को भी जिलेभर में पुतला फूंकने, पाकिस्तान का झंडा जलाने, जुलूस के जरिए आक्रोश व्यक्त करने के साथ ही कैंडल मार्च से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी का कहना था कि इस आतंकी हमले का बदला लेना ही चाहिए।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने दीवानी कचहरी गेट के पास पाकिस्तान का पुतला फूंका और नारे लगाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ल, छात्र संगठन अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने कहा कि कायरतापूर्ण हमले की हम सब निंदा करते हैं। इस दौरान विजयशंकर अग्निहोत्री, राजकुमार दीक्षित, शैलेंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल मुंशीगंज ने बैठक करके आतंकी हमले की निंदा की। वीरेंद्र अग्रहरि, भागीरथ अग्रहरि, राकेश आदि ने दो मिनट मौन रखा। शिवसेना के जिला प्रमुख ठाकुर अजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बस स्टेशन चौराहे पर नारेबाजी की।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अजमेर रहमान खान, मेराज अहमद, दीपू सोनकर, नवाब खान, दीपक मिश्र ने आतंकी हमले की निंदा करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे में पाकिस्तान की अर्थी निकालकर पुतला फूंका गया। इस मौके पर आशीष पटेल, अरविंद, भारत लाल, शिवकांत मौजूद रहे। डीह प्रतिनिधि के मुताबिक सूची कस्बे में व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाला। इसमें अशोक चौरसिया, दिनेश शंकर शुक्ल, राकेश सेठ मौजूद रहे।
परशदेपुर प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे के मेन चौराहे और साकेत नगर चौराहे पर नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार कौशल की अगुवाई में पाकिस्तान का पुतला फूंका गया।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे में ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। आतंकवाद व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सरदार फतेह सिंह, रमेश अवस्थी, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी व नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मेन तिराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंका। इस दौरान लाला मनिहार, इरशाद आलम, नूरुल हसन आदि मौजूद रहे।
खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक मेन चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। कांग्रेसियों ने पुरानी बाजार से चौराहे तक प्रदर्शन करते हुए मार्च निकाला। इस दौरान राघवेंद्र सिंह, पंकज, नीरज मिश्र, आदित्य शर्मा आदि मौजूद रहे।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक बौद्धिक विचार मंच के रतिपाल शुक्ल, शिवकरन तिवारी, कांग्रेस के जितेंद्र द्विवेदी, भाजपा नेता राजकुमार तिवारी, जितेंद्र सिंह, सपा नेता आशीष तिवारी, बृजेश यादव, बार एसोसिएशन के राज नारायण मिश्र, धर्मेश त्रिपाठी, सीके शुक्ल आदि ने आतंकी हमले की निंदा की।
चौधरी दीनदयाल पटेल इंटर कॉलेज रतापुर में बच्चों-शिक्षकों ने दो मिनट मौन रखा। इस दौरान उमाशंकर चौधरी, शिवानी शर्मा, डॉ. संतोष मौजूद रहे।
दारूल उलूम हबीबिया गुलशने रजा में अहमद अशरफ जीलानी जायसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुख जताया गया। इसमें हाफिज अनीस अहमद कुरैशी, कबीर अहमद फारूकी, सुहैल अख्तर रजा आदि मौजूद रहे।
सिद्धार्थ ज्ञानोदय पब्लिक हाईस्कूल बेलाखारा में बच्चों ने कैंडल मार्च निकाला और आतंकवाद का पुतला फूंका। बीएसएस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने कैंडल मार्च निकाला और शहीद चौक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। केएन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी शहीद चौक पर कैंडल जलाई।
डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने कैंडल मार्च निकाला। सभी ने सरकार से ईंट का जवाब पत्थर से देने की मांग की। माया देवी पब्लिक इंटर कॉलेज, डलमऊ पब्लिक स्कूल में भी कैंडल मार्च निकाला गया। इस मौके पर श्वेता त्रिवेदी, नवनीत, सुधीर, सर्वेश आदि मौजूद रहे।
अमेठी जिले की नवीन मंडी जायस (बहादुरपुर) के व्यापारियों ने शनिवार को शोकसभा करके दो मिनट मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही फैसला लिया कि रविवार को मंडी बंद रखकर विरोध जताया जाएगा।
इस दौरान लखन अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, गिरधारी बंसल, अजय अग्रवाल, जुग्गीलाल कौशल, कन्हैयालाल आदि मौजूद रहे। व्यापारियों ने बहादुरपुर चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला भी फूंका। इस दौरान रजवाड़ी प्रसाद, मनीष सिंह, संतोष कौशल आदि मौजूद रहे।
अमेठी के सेमरौता स्थित ज्ञानदायिनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों व शिक्षकों ने शनिवार को कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जवानों की शहादत का बदला लेने की मांग की।
अहोरवा भवानी चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रंजीत सिंह, बंटी सिंह, राहुल पाठक, अमरीश जायसवाल आदि मौजूद रहे। राजा फत्तेपुर, सेमरौता में भी विरोध-प्रदर्शन हुआ।