रायबरेली-जगतपुर। एक मुकदमे में चार्जशीट लगाने के नाम पर शनिवार को दरोगा का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया।
मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी सुनील कुमार सिंह ने सीओ डलमऊ को जांच के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दरोगा पर कार्रवाई होगी।
जगतपुर थाने में तैनात दरोगा रामशिला पांडेय का भीख गांव के दीपेंद्र नाम के युवक से रुपये लेने का वीडियो शनिवार को वायरल हुआ है।
बताते हैं कि सलोन रोड स्थित एक होटल पर दीपेंद्र दरोगा को रुपये दे रहा है। वीडियो में दरोगा ने पैसे दीपेंद्र से लेने के बाद अपनी जेब में रख लिया और थाने चला गया। एसपी ने सीओ को तत्काल जांच करके रिपोर्ट देेने के आदेश दिए गए हैं।
रुपये नहीं लिये, षड़यंत्र रचा गया : दरोगा
किसी से भी रुपये नहीं लिए हैं। उन्हें परेशान करने के लिए षड़यंत्र रचा गया है। जांच में अपने आप ही मामला उजागर हो जाएगा। वे पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं।
रामशिला पांडेय, दरोगा
जगतपुर के दरोगा का वायरल वीडियो का मामला गंभीर है। सीओ डलमऊ को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। पीड़ित और दरोगा के बयान के साथ ही सीओ को जांच पूरी करने के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुनील कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक