डकैती की साजिश रच रहे नौ शातिर दबोचे
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली पुलिस ने डकैती की साजिश रच रहे नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दबिश के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायर भी झोंका।
हालांकि सिपाही बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी नौ बदमाश आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनके विरुद्ध कोतवाली में कई मामले पंजीकृत हैं।
डलमऊ सीओ नीरज सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात एसएसआई शिवशंकर गुप्ता गुरुबक्शगंज चौराहे पर गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर टीम ने पुराने बस स्टाप के निकट घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस को देख एक बदमाश ने फायर झोंक दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए रणगांव निवासी केशव सिंह उर्फ गुरिंदे, श्रवण सिंह, मनीष सिंह, भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के कौडर हाल पता मैकेनिकल बोगी शॉप, रेल कोच कारखाना निवासी अभिनंदन सिंह, बछरावां के किला मोहल्ला निवासी विनय सिंह, सदर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ला निवासी वाहिद खां, शांति नगर नई बस्ती निवासी अनुराग सिंह, पूरे पंवारन मजरे सेमरपहा निवासी नीतेश सिंह, दीपेमऊ निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ रीशू को दबोच लिया।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे व पांच कारतूस मिले हैं। गाड़ियों की तलाशी में 27 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी झाले, 10 मोबाइल बरामद हुए हैं। दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है।