रेल ट्रैक पर मिला छात्रा का शव, हत्या की आशंका
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को रेल ट्रैक पर एक छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव दो टुकड़ों में बंटा था। एक कटा पैर दूर पड़ा था। यह देख हर कोई दंग रह गया। खास बात ये है कि छात्रा स्कूल गई थी, लेकिन लौटकर घर नहीं पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शी छात्रा की हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र में रायबरेली-लखनऊ रेलखंड पर प्यारेपुर गांव के पास गेट संख्या 165 सी रेल ट्रैक के किनारे कक्षा 12 वीं की छात्रा प्रेमा (17) पुत्री देशराज निवासी बाला का दो टुकड़ों में बंटा शव मिला। सुबह जब आसपास के किसान धान काटने के लिए उधर से निकले तो ट्रैक के किनारे पड़े शव को देख कर उनके होश उड़ गए। किशोरी का शव कमर से दो भागों में कट गया था। उसका एक पैर दूर पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतका के पिता देशराज का कहना है कि बेटी राम प्रकाश गुप्ता इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। मंगलवार को स्कूल के बाद घर नहीं पहुंची थी तो खोजबीन इसलिए नहीं की गई की प्रेमा कभी-कभी अपनी सहेली के घर रुक जाया करती थी। एसओ धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही छात्रा की मौत की वजह सामने आएगी। वैसे प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है। आसपास के लोगों से भी घटना की बाबत पूछताछ की जा रही है।