लालगंज (रायबरेली)। नरपतगंज मजरे भीरा गोविंदपुर गांव में सोमवार रात दो लोगों ने प्रधान के घर में खड़े दो वाहनों में आग लगा दी। प्रधान पति के घर से बाहर निकलने पर दो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
प्रधान पति ने कोतवाली में तहरीर देकर तीन लोगों को नामजद करते हुए जानलेवा हमले की साजिश करने का आरोप लगाया है। रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले में एक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
गांव निवासी पंकज सोनी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी खुशबू सोनी ग्राम प्रधान हैं। देर रात करीब 12 बजे हमलावरों ने परिवार समेत उसकी हत्या के इरादे से उसके घर में आग लगा दी, जिससे बाहर खड़ी उसकी एसयूवी व एक दो पहिया वाहन जल गए।
पीड़ित ने बताया कि वह अक्सर अपनी गाड़ी में बैठकर व्यावसायिक कार्य निपटाया करता है। गनीमत रही कि वह बच गया।
हमले के बाद धमाके की आवाज सुनकर जैसे ही परिवारीजन घर से बाहर आए तो आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि उसने दो हमलावर युवकों की पहचान की है।
पीड़ित ने तहरीर में गांव निवासी छोटू उर्फ सुनील, दीपक और भीरा गोविंदपुर निवासी बबलू सिंह सहित तीन लोगों को नामजद किया है।
घटना की सूचना पर सीओ महिपाल पाठक व प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने छानबीन की। सीओ ने बताया कि मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।
बख्शे नहीं जाएंगे आरोपी, होगी कार्रवाई : आलोक
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। एसपी ने कहा कि मामले में केस दर्ज करा दिया गया है। आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे। सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।