लालगंज। दूसरे के असलहे हाथों में लेकर फोटो खिंचवाने व फिर वही फोटो वायरल हो जाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को शांतिभंग के तहत पाबंद किया है। इन लोगों को एसडीएम के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें निजी मुचलके पर जमानत देकर रिहा कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कुंडवल गांव निवासी रामशंकर वर्मा 17 मार्च को बंदूक जमा करने कोतवाली आ रहे थे, तभी गांव के ही किनारे एक दुकान के निकट बैठे लोगों ने उन्हें रोक कर शौकिया तौर पर बंदूक के साथ अपनी फोटो खिंचाई।
उन्हीं में से किसी ने तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल कर दीं। इसके बाद पुलिस कुंडवल निवासी सज्जन खान, सतीश द्विवेदी, देशराज व सुनील यादव के घर पहुंची और सभी को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। चाराें लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया गया।