सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दबंगों ने भूमि विवाद में दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किया। दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी, जबकि उसके भाई को लाठी-डंडों से पीटा। इससे दोनों घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हालांकि पुलिस की जांच में फायरिंग की बात झूठी निकली। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
सलोन कस्बे के मोहल्ला चौधराना निवासी मो. आरिफ और उसके पड़ोसी के बीच भूमि विवाद है। आरिफ ने जमीन की पैमाइश कराने के लिए पांच मार्च को एसडीएम सलोन को प्रार्थना पत्र दिया था। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को पुलिस बल के साथ पैमाइश करने का निर्देश दिया था।
इसके बाद रविवार को हल्का लेखपाल शोभनाथ सरोज ने कोतवाल पंकज त्रिपाठी से जमीन पैमाइश के लिए पुलिस बल मांगा, लेकिन फोर्स न होने का हवाला देकर पुलिस बल देने से मना कर दिया। इसके बाद राजस्व निरीक्षक भूनेंद्र व लेखपाल मौका मुआयना कर लौट आए। थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही मारपीट होने लगी। इसी दौरान सगे भाइयों ओसामा और उसके भाई खेसल पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
आरोप है कि ओसामा के दाएं पैर में गोली मार दी गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं खेसल को पीट-पीटकर जख्मी कर दिया गया। घटना के बाद दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाल का कहना है कि कई लोगों को हिरासत में लेकर घटना की पूछताछ की जा रही है। केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। फायरिंग की बात गलत है। सिर्फ मारपीट हुई है।
भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। इसमें एक तरफ से दो भाई घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। घायल ओसामा का आरोप है कि उसे गोली मारी गई है। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई गई तो पाया गया कि सिर्फ मारपीट हुई है। फायरिंग किए जाने की बात झूठी है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक