खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के निहस्था गांव पुस्तक व्यवसायी पंकज तिवारी की हत्या से जुड़े एक सुपारी किलर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल व अन्य सामान पुलिस ने बरामद किया है।
एसओ राजेश सिंह ने बताया कि 21 दिसंबर 2020 को सेमरी निवासी पुस्तक व्यवसायी पंकज तिवारी पर निहस्था गांव के पास हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी भूचाल सिंह उर्फ गुड्डू सिंह उर्फ दिलावर सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा करने के उद्देश्य से दिलावर सिंह को 12 घंटे के लिए रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया है कि पुस्तक व्यवसायी पंकज तिवारी के रिश्तेदार लालगंज निवासी निखिल तिवारी ने पंकज को मारने के लिए सुपारी दी थी।
घटना को अंजाम देने के बाद वह जब अपना बकाया रुपया लेने आया था तो मुठभेड़ में उसके साथी पिंटू सिद्दीकी व सूरज गिरफ्तार हो गए थे। लालगंज निवासी मोहम्मद आरिफ ने मामले की डील कराई थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिस्टल निहस्था गांव के रेलवे क्रॉसिंग के निकट जंगल से बरामद की। इसके अलावा टूटा मोबाइल, हथौड़ा भी बरामद किया गया है। घटना के मुख्य आरोपी निखिल तिवारी की तलाश की जा रही है।