रायबरेली। विकास भवन सभागार में सीडीओ अभिषेक गोयल ने शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक और भूमि विकास बैंक की प्रगति की समीक्षा की। भूमि विकास बैंक की सलोन, लालगंज और डलमऊ शाखा की वसूली पर शाखा प्रबंधकों को चेतावनी देते हुए 15 मार्च तक लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लाने के आदेश दिए।
डलमऊ, लालगंज, सलोन और नसीराबाद शाखा में चालू वित्तीय वर्ष में एक भी रुपये का ऋण वितरण न किए जाने पर सीडीओ ने संबंधित शाखा प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
सीडीओ की समीक्षा में जिला सहकारी बैंक की समीक्षा में खराब वसूली पर सलोन के शाखा प्रबंधक को चेतावनी दी गई। जिला सहकारी बैंक की शाखा गदागंज, सलोन, परशदेपुर की ऋण देने की प्रगति सबसे खराब मिलने पर शाखा प्रबंधकों को भी चेतावनी देने के साथ ही तत्काल लक्ष्य पूरा करने के आदेश आदेश दिए गए। सीडीओ ने एडीओ सलोन, डलमऊ और महराजगंज को भी कठोर चेतावनी देने के आदेश दिए।
बैठक में सीडीओ ने कहा कि एक मुश्त समझौता योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों को दिया जाए। किसानों को इस योजना की पूरी जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित किया जाए। बैठक में सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक आरएस सेंगर को निर्देश दिए जो अधिकारी और शाखा प्रबंधक 15 मार्च तक लक्ष्य को पूरा नहीं करते हैं उन्हें आरोप पत्र दिया जाए। लापरवाही करने वालों को कतइ बख्शा न जाए।