जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के डलमऊ मार्ग पर शुक्रवार सुबह पूरे इच्छा सिंह तिराहे के पास ट्रक ने बाइक सवार लोगों को रौंद दिया। हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
युवती के पिता की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने डलमऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर डलमऊ एसडीएम और सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
गदागंज थाना क्षेत्र के दाउदपुर गडई निवासी जगदीश अपनी पत्नी गयादेई व बेटी ममता के साथ बाइक से रायबरेली जा रहे थे। पूरे इच्छा सिंह तिराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक के सामने आ जाने से दोनों बाइकें अनियंत्रित हो गईं।
इसी दौरान जगतपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवती व दंपती को रौंद दिया। युवती ममता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी गयादेई व पिता जगदीश को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान गयादेई की भी मौत हो गई।
इस हादसे से गुस्साए लोगों ने डलमऊ मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर एसडीएम डलमऊ विजय कुमार व सीओ अशोक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों के गुस्से को शांत कराया। सीओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। उधर, हादसे से गुस्सा लोगाें ने जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे इच्छा सिंह तिराहे पर तीन तरफ से वाहनों का आवागमन रहता है, लेकिन स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए हैं। लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। एसडीएम डलमऊ से लोगों ने स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग उठाई। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग से वार्ता कर जल्द ही स्पीड ब्रेकर बनाए जाने का आश्वासन दिया।
अलग-अलग हादसे में घायल दो लोगों की मौत
डीह (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की रात पैदल जा रहे एक व्यक्ति को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दरसवा गांव निवासी राजेंद्र कुमार मौर्या (35) गुरुवार की देर शाम सूची से घर की तरफ पैदल जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चौकी सूची इंचार्ज मृत्युंजय बहादुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की मां की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उधर डीह क्षेत्र में चार दिन पहले बाइकों की टक्कर में घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डीह क्षेत्र के पूरे दुल्मी मजरे पोठई निवासी रामगणेश चार दिन पहले अपनी ससुराल पूरे राजा मजरे रोखा जा रहा था। पूरे राजा मोड़ के पास हादसे में घायल हो गया था। उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।