युवकों की पिटाई के बाद मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : RAIBARAILY
डलमऊ (रायबरेली)। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कुटिया चौराहा मजरे भरसना गांव में बुधवार को अपनी रिश्तेदारी में आए दो युवकों को भूमि विवाद में एक होटल व्यवसायी से कहासुनी करना महंगा पड़ गया।
स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। सोशल मीडिया पर युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच की। साथ ही युवकों की पिटाई के मामले में होटल व्यवसायी समेत दो लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के तेलियानी निवासी होटल व्यवसायी प्रदीप यादव का पड़ोस के ही एक व्यक्ति से भूमि विवाद चल रहा है। लालगंज निवासी सुनील कुमार अपने दोस्त देवेंद्र उर्फ सोनू निवासी भदोखर के साथ अपनी पत्नी की ननिहाल तेलियानी आए थे।
घर जाते समय कुटिया चौराहे के पास एक होटल में नाश्ता करने के लिए दोनों रुक गए। होटल व्यवसायी से भूमि विवाद को लेकर बात करने लगे। युवकों को यह नहीं पता था कि जिस होटल पर वह बैठें हैं, उसी से उनके रिश्तेदार का विवाद चल रहा है।
यह बात होटल व्यवसायी प्रदीप यादव को नागवार गुजरी और दोनों युवकों से कहासुनी होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। स्थानीय होने की वजह से प्रदीप का पलड़ा भारी पड़ गया। होटल व्यवसायी समेत अन्य लोगों ने दोनों युवकों को पेड़ में बांध दिया और उनकी जमकर धुनाई की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मुक्त कराया। उधर, दोनों युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाल लालचंद्र सरोज ने बताया कि होटल व्यवसायी प्रदीप यादव और उसके चचेरे भाई पंकज के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है। पूरे प्रकरण की जांच के बाद अन्य धाराओं में भी कार्रवाई होगी।