रायबरेली। दिवाली पर तीन दिनों के लिए गुरुवार को पटाखे की दुकानें सज गईं। शहर के जीआईसी, गोराबाजार, आईटीआई और मुंशीगंज ग्राउंड में दुकानें लगी हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आरके पांडेय ने टीम के साथ मानकों की जांच की।
सुरक्षा मानकों को चेक करने के साथ ही दुकानदारों को तय मानकों का शत प्रतिशत पालन करने का आदेश दिया। किसी भी स्तर पर अव्यवस्था मिलने पर दुकानें बंद कराने की चेतावनी दी।
इस बार कोरोना के खतरे और प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी के संबंध में जिला अधिकारी ने पहले ही गाइड लाइन जारी कर दी है। जीआईसी ग्राउंड में सीएफओ आरके पांडेय ने एक-एक दुकान पर मानकों को चेक किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि दुकानों के बीच की दूरी तीन मीटर से कम नहीं होनी चाहिए। गैस व तेल के लैंप का प्रयोग नही किया जाएगा। दुकानों से 50 मीटर की दूरी तक आतिशबाजी का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
विदेशी आतिशबाजी और तेज आवाज वाले पटाखों का विक्रय, भंडारण किसी दशा में न किया जाए। उन्होंने कहा कि वाहन दुकानों से कम से कम 15 मीटर की दूरी पर खड़े किए जाएं। सीएफओ आरके पांडेय ने बताया कि बाजार में इस बार दुकानों पर सामान्य पटाखे ही नजर आ रहे हैं।