रायबरेली। हत्या की कोशिश का झूठा मामला दर्ज कराने के प्रकरण में शायर मुनव्वर राना के बेटे व आरोपी तबरेज राना के आत्म समर्पण प्रार्थनापत्र पर 9 जुलाई को सुनवाई होगी। 6 जुलाई को आरोपी के हाजिर न रहने पर सीजेएम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी थी।
गौरतलब है कि शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना ने मामले में अपने अधिवक्ता के माध्यम से आत्मसमर्पण के लिए सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। तबरेज पर हत्या की कोशिश का झूठा मामला दर्ज कराने व साजिश रचने का आरोप लगा है। मामले में तबरेज राना अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
28 जून को मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना पर त्रिपुला पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी थी। हालांकि बाद में पुलिस ने इस हमले को फर्जी करार दिया और खुलासा किया कि तबरेज ने स्वयं ही अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ऊपर हमला कराने की साजिश रची।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसपी ने पूरा मामले का खुलासा कर दिया था। घटना के बाद से पुलिस ने न सिर्फ रायबरेली, बल्कि तबरेज राना के लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारा, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
माना जा रहा है कि पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण ही तबरेज के अधिवक्ता ने सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण का प्रार्थना पत्र डाला, जिस पर सुनवाई होनी है। फर्जी हमले के मामले में चार आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि तबरेज की तलाश की जा रही है।
सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम तबरेज की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि जानलेवा हमले का फर्जी मामला दर्ज कराने के मामले में आरोपी तबरेज फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गईं हैं।