सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक सभासद के बेटे ने सई नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि परिवारीजनों की किसी बात से खफा होकर उसने ऐसा कदम उठाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर की मदद से खोजबीन शुरू कराई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल पाया था।
प्रकाश नगर निवासी एवं सभासद परमजीत सिंह का बेटा रजत (20) शाम करीब पांच बजे रायबरेली-लखनऊ राजमार्ग स्थित सई नदी पर बने पुल के पास पहुंचा। इसी दौरान वह पुल से नदी में कूद गया।
उसे नदी में कूदता देख आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल शैलेंद्र त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंचे। कोतवाल का कहना है कि नदी में युवक की खोजबीन कराई जा रही है।
घटना की सूचना पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष बसंत सिंह बग्गा समेत अन्य व्यापारी पहुंचे।