रायबरेली। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सभी इंतजाम करने में जुटा है। इसी कड़ी में रविवार की देर शाम अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जिला अस्पताल में बनाए गए पीडियाट्रिक आईसीयू (पीकू वार्ड) का जायजा लिया।
इस वार्ड में आक्सीजन और वेंटीलेटर की सुविधा है। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम कर लिए जाएं। इसमें किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला अस्पताल के अलावा एम्स और रेल कोच फैक्टरी स्थित अस्पताल में पीकू वार्ड तैयार कराया गया है। यदि किसी बच्चे की सेहत खराब होती है तो उसके इलाज के लिए इस वार्ड में पूरे इंतजाम किए गए हैं।
पीकू वार्ड में तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपर मुख्य सचिव यहां पहुंचे। करीब आधा घंटे तक पीकू वार्ड में रहे। वार्ड में किए गए इंतजाम की पूरी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से ली। उनके यहां पहुंचने से अफसरों में हड़कंप रहा।
उन्होंने साफ लहजे में कहा कि कोरोना को लेकर किसी तरह की तैयारियों में ढिलाई न बरती जाए। तीसरी लहर आती है और उसमें विभाग की लापरवाही की बात सामने आती है तो सीधे तौर पर जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। इस मौके पर डीएम वैभव श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ.वीरेंद्र सिंह, डॉ.बीरबल, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना मौजूद रहे।