ऊंचाहार (रायबरेली)। कोरोना मरीजों के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहनिया को एल-2 हॉस्पिटल बनाया जाएगा। इसके लिए काम शुरू हो गया है। वार्डों की मैपिंग करा दी गई है। चार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पहुंच गए हैं। एक-दो दिन में काम भी शुरू हो जाएगा। यहां अगले 10 दिनों के भीतर एल-2 हॉस्पिटल शुरू करने की तैयारी है।
रोहनियां सीएचसी को कोविड एल-2 हास्पिटल बनाने की मांग हो रही थी। इसके लिए काफी समय कवायद चल रही थी। इसीलिए हॉस्पिटल बनाने को विभागीय स्तर पर रूपरेखा बनाई जा रही थी।
अब सीएचसी को एल-2 हॉस्पिटल बनाने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। सीएचसी में साफ-सफाई कराई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने वार्डों की मैपिंग का काम भी पूरा कर लिया है।
सीएचसी में मरीजों के लिए 50 बेड बनाए जाएंगे। रविवार को सीएचसी में चार आक्सीजन कंसंट्रेटर पहुंचा दिए गए हैं। प्लंबरिंग का काम सोमवार से शुरू होने की संभावना है। वार्डों में ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने का काम भी दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। हर हाल में एल-2 हास्पिटल को अगले 10 में तैयार करने की योजना है।
रोहनिया सीएचसी को एल-2 हॉस्पिटल बनाने तैयारी चल रही है। चार ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सीएचसी पहुंच गए हैं। लगभग 10 दिन में एल-2 हॉस्पिटल शुरू होने की संभावना है।
-एमके शर्मा, सीएचसी अधीक्षक।